हांसी (दिनकर गावड़ी):- डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान ने जिला सचिवालय में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों की बैठक लेकर आगामी चरण की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित, सटीक एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान ने बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण से संबंधित कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 दिसंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया जाएगा, ताकि आगामी चरण में जनगणना कार्य को पूरी दक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करवाया जा सके।

उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए 10 जनवरी 2027 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इस अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी 2027 से जनगणना का दूसरा चरण शुरू होगा।

रेलवे स्टेशन पर स्थापित होंगे स्व-गणना के विशेष बूथ

तहसीलदार डॉ. अनिल बिढान ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्धारित अवधि के दौरान रेलवे स्टेशन पर विशेष बूथ स्थापित किए जाएंगे। इन बूथों का संचालन जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी (डीएचईओ), हांसी के नियंत्रण एवं समन्वय में किया जाएगा। इन बूथों के माध्यम से नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन विवरण दर्ज करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक करने, उन्हें प्रक्रिया समझाने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विद्यार्थियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। विद्यार्थियों की सहभागिता से जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने तथा नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के आगामी चरण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं तथा अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने के लिए विभागीय समन्वय, प्रभावी जन-जागरूकता और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता बेहद आवश्यक है। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए जनगणना की तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें।