चंडीगढ़, 25 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा सरकार ने हरियाणा ठेका कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 के दायरे में शामिल किए जाने वाले संस्थानों की पात्रता निर्धारित करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का पुनर्गठन किया है।

इस संबंध में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।

यह समिति अधिनियम की धारा 2(एफ) के तहत प्राधिकरण की परिभाषा में विभिन्न संस्थानों को शामिल करने के लिए विशिष्ट और वस्तुनिष्ठ पात्रता मानदंड निर्धारित करेगी। इसके साथ ही समिति अधिनियम के दायरे में आने के योग्य संस्थानों की प्रमाणित सूची भी तैयार करेगी।

पुनर्गठित समिति की अध्यक्षता वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव करेंगे, जबकि संबंधित संगठन के प्रशासनिक सचिव समिति के सदस्य होंगे। मानव संसाधन विभाग के विशेष सचिव को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, हरियाणा के महाधिवक्ता का एक प्रतिनिधि, जो अतिरिक्त महाधिवक्ता से नीचे के पद का नहीं होगा, समिति में कानूनी सदस्य के रूप में शामिल होगा। भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि श्री पवन कुमार को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।