चंडीगढ़, 28 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और पुनर्वास के लिए सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य पीड़ितों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाकर उनका हौसला बढ़ाना है, ताकि वे सम्मान के साथ जीवन बिता सकें और मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकल सकें।
श्रीमती श्रुति चौधरी आज पंचकूला में तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों की सहायता के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित महिलाओं, लड़कियों और 18 वर्ष तक के लड़कों के उपचार और पुनर्वास के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। विभाग द्वारा चलाई जा रही तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत पीड़ितों को एक लाख रुपये की अंतरिम राहत और 100 प्रतिशत मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है।
राज्य स्तरीय समिति की बैठक में जींद जिले की एक पीड़िता के तेजाब हमले के उपचार पर हुए खर्च की चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
समिति ने पीड़िता के उपचार पर खर्च हुए 11,12,614 रुपये और 85,953 रुपये के चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति को मंजूरी दी। इसके अलावा, पीड़िता को योजना के तहत एक लाख रुपये की अंतरिम राहत राशि देने की भी स्वीकृति दी गई। इस प्रकार पीड़िता को कुल 12,98,567 रुपये की चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति और अंतरिम राहत राशि मंजूर की गई है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़िता को दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग को पत्र लिखा जाए। इसके अलावा, तेजाब हमले के पीड़ितों को योजना की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि वे अपने अधिकारों से वंचित न रहें।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव श्री मुकुल कुमार, डीजी डॉ. मनीष बंसल और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
