नई दिल्ली (पैगाम-ए-जगत):- संविधान दिवस के पावन अवसर पर आज रफी मार्ग स्थित आईएनएस बिल्डिंग में राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता की भूमिका और भारतीय संविधान के मूल्यों पर चर्चा करना था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में 1008 महामंडलेश्वर सरितानंद जी महाराज उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य छायाकांत नायक, माता पिता सेवा आश्रम की अध्यक्ष लक्ष्मी भंडारी और नेशनल मीडिया कनफेडरेशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पबित्र मोहन सामंतराय ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक मेहताब खान चांद, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष धीरज कुमार और राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक सुश्री आकांक्षा विशेष रूप से मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सरितानंद जी महाराज ने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और इसकी रक्षा में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और सत्य के मार्ग पर चलकर समाज को सही दिशा दिखाने का आह्वान किया।
प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य छायाकांत नायक ने पत्रकारिता की नैतिकता और संवैधानिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान ने प्रेस को जो स्वतंत्रता दी है, उसकी गरिमा बनाए रखना हर पत्रकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र को जीवंत रखती है।
माता पिता सेवा आश्रम की अध्यक्ष लक्ष्मी भंडारी ने कहा कि समाज सेवा और मानवीय मूल्य संविधान की असली ताकत हैं। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और बुजुर्गों व समाज के कमजोर वर्गों की सेवा की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने सकारात्मक पत्रकारिता की सराहना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पबित्र मोहन सामंतराय ने कहा कि संविधान ने मीडिया को अभिव्यक्ति की जो आजादी दी है, वह बड़ी जिम्मेदारी भी है। आज के दौर में पत्रकारों को संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनहित के मुद्दों को उठाना चाहिए।
नेशनल मीडिया कनफेडरेशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने संविधान दिवस की बधाई देते हुए पत्रकारों की एकजुटता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया। राष्ट्रीय संयोजक मेहताब खान चांद ने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अधिकार देता है, लेकिन कई बार सच दिखाने वाले पत्रकारों को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि महासंघ हर स्तर पर पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा की लड़ाई लड़ेगा।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष धीरज कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और सशक्त मीडिया आवश्यक है। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों का आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होना भी जरूरी है।
इस राष्ट्रीय समारोह में ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों और पत्रकार प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
अंत में समाज और पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी पत्रकारों और अतिथियों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
