ऊना, 28 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (शनिवार) उपमंडलीय पशु चिकित्सालय हरोली के नए भवन का शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण पर लगभग 1.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नए भवन के बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और पशुपालन विभाग का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरोली आज विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरोली अब मॉडल से आगे बढ़कर एक ब्रांड बन रहा है। क्षेत्र के विकास में सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, परिवहन और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
दो महीने में शुरू होगी ऑपरेशन थिएटर की सुविधा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली सिविल अस्पताल में 9 करोड़ रुपये की लागत से तीसरे भवन का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल में 14 डॉक्टर तैनात किए गए हैं और ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने का कार्य जारी है। अगले दो महीने के भीतर यहां ऑपरेशन थिएटर स्थापित कर ऑपरेशन की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। हमारा प्रयास है कि हरोली सिविल अस्पताल को ऊना अस्पताल के समानांतर विकसित किया जाए। इसके अतिरिक्त ललड़ी में पशु चिकित्सा पॉलीक्लीनिक के माध्यम से पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। पूवोवाल में पशुपालन संस्थान स्थापित करने के लिए लगभग 8.5 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भी भेजा गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री डिग्री कॉलेज हरोली में वर्तमान में लगभग 600 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और अगले साल तक यह संख्या 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। कॉलेज के निर्माण पर लगभग 27 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साइंस ब्लॉक को स्वीकृति दी गई है और हॉस्टल का निर्माण भी प्रगति पर है। हरोली स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है तथा इसके नए भवन के लिए 12.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में ट्रिपल आईटी, केंद्रीय विद्यालय, लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और आयुर्वेद कॉलेज जैसी शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से शिक्षा का मजबूत आधार तैयार किया गया है।
न्यू हरोली में 100 करोड़ की विकास परियोजनाओं पर काम
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि न्यू हरोली में लगभग 100 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। रामपुर पुल से जल शक्ति विश्राम गृह तक के मार्ग को विकास पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके चौड़ीकरण के लिए 4 करोड़ रुपये दिए गए हैं। यहां एक करोड़ रुपये की लागत से लाइटें भी लगाई जा रही हैं। न्यू हरोली में 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट, 10 करोड़ रुपये से अंतरराष्ट्रीय मानकों का सिंथेटिक ट्रैक और लगभग 11 करोड़ रुपये से ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। ट्रैफिक पार्क भी तैयार हो चुका है, जहां अब तक लगभग 3000 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जा चुके हैं।
हरोली को मिला 52 बसों का डिपो, 30 इलेक्ट्रिक बसें शामिल
उन्होंने कहा कि हरोली में 52 बसों की क्षमता वाला बस डिपो स्थापित किया गया है, जिसमें 30 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। यहां लगभग 100 ड्राइवर और कंडक्टर तैनात हैं। बस अड्डे का निर्माण पूरा हो चुका है तथा इलेक्ट्रिक बसों के लिए हल्बन में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है और दुलैहड़ में दूसरा स्टेशन बनाया जा रहा है।
पेयजल और सिंचाई पर खर्च हो रहे 500 करोड़ रुपये
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर लगभग 500 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। क्षेत्र में 325 ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं। पोलियां में 50 लाख लीटर और दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता के जल भंडारण टैंक बनाए गए हैं। पालकवाह से सिंचाई के लिए 75 करोड़ रुपये की योजना पर काम हो रहा है। हरोली और पंडोगा क्षेत्र के लिए 101 करोड़ रुपये की एक अन्य पेयजल योजना भी तैयार की जा रही है। इसके अतिरिक्त 83 जल भंडारण टैंकों का निर्माण किया जा चुका है और 50 नए टैंक स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब और बीबीएमबी के साथ किए गए महत्वपूर्ण समझौतों से क्षेत्र के लिए बिजली और पानी की उपलब्धता का स्थायी रास्ता तैयार हुआ है। बाथू, पोलियां और पेखुवेला में 220 केवी के तीन विद्युत स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं।
युवाओं और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में खेल मैदानों, पार्कों और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवा खेलों से जुड़ें और नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐसी हरोली तैयार करना है, जहां बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। विकास कार्यों में क्षेत्रवासियों और अधिकारियों के सहयोग से हरोली को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, उप निदेशक पशुपालन वीरेंद्र पटियाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत, बीएमओ डॉ. सिंगारा सिंह, हिमकैप्स के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह, पूर्व प्रधान हरोली रमन कुमारी, छेतराँ के पूर्व प्रधान विकास, हरोली के उपप्रधान सुरेंद्र, पूर्व उपप्रधान सतनाम सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
