करनाल, 25 नवंबर (प्रवीण वालिया):- उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में प्रातः 11 बजे संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि संविधान दिवस के सफल आयोजन के लिए जिला राजस्व अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिले के सभी महाविद्यालयों व विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, सेमिनार, पोस्टर निर्माण एवं प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी महाविद्यालयों में विकसित भारत युवा संसद और माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन संविधान क्विज का भी आयोजन होगा, जिसमें विद्यार्थी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना है।
