इंद्री में मेरा भविष्यमेरा निर्णय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित
इंद्री, 15 सितंबर:- विद्यालय शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इंद्री में ‘मेरा भविष्य-मेरा निर्णय’ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा तथा अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बेझिझक अधिकारियों से करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब देते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
करियर काउंसलिंग विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने में निभाती है महत्वपूर्ण भूमिका : उपायुक्त
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य होना चाहिए। करियर काउंसलिंग विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि करियर का चयन किसी दबाव में आकर नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और अभिभावकों के मार्गदर्शन के साथ सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि विद्यालय की पाठ्यपुस्तकें मजबूत आधार प्रदान करती हैं। स्कूली तथा स्नातक स्तर की पढ़ाई सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने, सामान्य ज्ञान बढ़ाने तथा समसामयिक विषयों की जानकारी रखने की आदत विकसित करनी चाहिए। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को बताया कि ‘मेरा भविष्य-मेरा निर्णय’ काउंसलिंग पत्रिका विद्यालय में उपलब्ध है। विद्यार्थी इस पत्रिका के माध्यम से विभिन्न करियर विकल्पों एवं उनसे संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यालय में नियुक्त नोडल अधिकारी से भी करियर संबंधी मार्गदर्शन लिया जा सकता है।
अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषय एवं करियर का करें चयन : नगर निगम आयुक्त
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने कहा कि दसवीं कक्षा विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती है। इसी स्तर पर विद्यार्थियों को अपने भविष्य और करियर की दिशा के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषय एवं करियर का चयन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने जीवन के अनुभव भी छात्राओं के साथ साझा किए और बताया कि किस प्रकार निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि इसके लिए निरंतर प्रयास और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने की लगन हो तो सफलता जरूर प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सामाजिक अथवा पारिवारिक दबाव में आकर करियर का चयन नहीं करना चाहिए। अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप चुना गया करियर ही दीर्घकालीन सफलता एवं संतुष्टि प्रदान करता है। सफलता का वास्तविक आधार मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की क्षमता है।
विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर करें प्रयास : एडीसी डॉ. राहुल रईया
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं रुचि को पहचानकर भविष्य की योजना तैयार करनी चाहिए। केवल एक करियर विकल्प तक सीमित रहने के बजाय विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी हासिल करनी चाहिए। सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं।
मेडिकल क्षेत्र में रुचि रखने वाली छात्राओं को कराया जाएगा कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज का दौरा
करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान मेडिकल विषय एवं चिकित्सा क्षेत्र को लेकर छात्राओं में विशेष जिज्ञासा देखने को मिली। छात्राओं की रुचि को देखते हुए उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि इसी माह छात्राओं को कल्पना चावला राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, करनाल का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान छात्राओं को मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, चिकित्सा शिक्षा तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि वे चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा, बीईओ गुरनाम सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
