दो अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का पीला पंजा

करनाल, 15 सितंबर:- जिला योजनाकार ने बताया कि जिला योजनाकार की टीम व पुलिस बल के सहयोग से करनाल अर्बन एरिया में 2 अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। तोड़फोड़ की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस की अगुवाई में की गई। उन्होंने बताया कि पहली अवैध कॉलोनी गांव बसताड़ा में वॉर हीरोज मेमोरियल स्कूल के सामने स्थित थी। जिसका एरिया लगभग 5 एकड़ था। इस कॉलोनी की चारदीवारी व सभी पक्की सड़कों को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार दूसरी अवैध कॉलोनी गांव कम्बोपुरा में अंसल एपीआई के साथ स्थित थी। जिसका एरिया लगभग 1.5 एकड़ था। इस कॉलोनी में सभी पक्की सड़कों को ध्वस्त किया गया।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर लगातार तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वालों के विरुद्ध लगातार एफ.आई.आर. भी करवाई जा रही है। विभाग द्वारा समय-समय पर आमजन को सूचित भी किया जा रहा है कि यदि कोई भी अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देगा, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्रवाई की जा रही है व अवैध कॉलोनियों अवैध निर्माण के लिए किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि डीलरों के जाल में न फंसे और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लाट खरीद कर अपना घर बनाए तथा डीलरों से अपील की कि वे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले।