सरकार का आभार जताया बरवाला को 50 बेड के नए सिविल अस्पताल की मिली सौगात

हरियाणा/हिसार: भाजपा नेता एवं पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू ने बरवाला में 50 बेड क्षमता वाले नए सिविल अस्पताल भवन के निर्माण को मंजूरी दिए जाने पर हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर बरवाला को विकास की एक बड़ी सौगात दी है।
रणधीर सिंह धीरू ने कहा कि बरवाला के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को अब बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। नया अस्पताल बनने से मरीजों को इलाज के लिए हिसार या अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि बरवाला लंबे समय से एक बड़े और सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल की मांग कर रहा था। सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी देकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है।
धीरू ने कहा कि यह अस्पताल केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और समग्र विकास का आधार बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और निर्धारित समय में पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
 उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा एवं हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है, जिसका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र को मिल रहा है।