डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने की दादूवाल के कार्यों की सराहना

करनाल, 7 अक्तूबर: बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने सिख धर्म के अंतरराष्ट्रीय प्रचारक जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल के समाजसेवी कार्यों की सराहना की। उन्होंने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए दादूवाल द्वारा चलाए गए राहत कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि दादूवाल जी एक वरिष्ठ धर्म प्रचारक हैं।
इस अवसर पर उनके उत्तराधिकारी हजूर जसदीप सिंह गिल भी साथ मौजूद रहे। गुरुद्वारा गुरु ग्रंथसर दादू साहिब, अंतरराष्ट्रीय सिख प्रचारक जत्थेदार दादूवाल जी का प्रमुख स्थान है, जो क्षेत्र में सिखी प्रचार का केंद्र माना जाता है। यहीं से जत्थेदार दादूवाल ने वर्ष 1997 में सिख धर्म के प्रचार-प्रसार की शुरुआत की थी, जो आज पूरी दुनिया में फैल चुका है।
 बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों लगभग एक घंटे तक गुरुद्वारा साहिब में रुके। इस दौरान क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में संगतें गुरुद्वारा साहिब पहुंचीं और नतमस्तक हुईं। मीडिया से बातचीत में जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने बताया कि जब भी डेरा ब्यास के मुखी सिरसा क्षेत्र में आते हैं, वे अक्सर गुरुद्वारा दादू साहिब में माथा टेकने अवश्य आते हैं। 
उन्होंने कहा कि इस मुलाकात का कोई अन्य अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए — यह केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ कदम है।गौरतलब है कि गुरुद्वारा गुरु ग्रंथसर दादू साहिब सिख धर्म की शिक्षाओं के प्रचार का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।