दिल्ली जैसी सुविधा अब करनाल मेंसड़क पर दौड़ेगी जिंदगी बचाने वाली एम्बुलेंस

करनाल, 29 मार्च:- संजीव बंसल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सिग्नस हॉस्पिटल को सामाजिक सेवा के लिए एक अत्याधुनिक एडवांस कार्डियक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस भेंट की गई है, जिसे हरियाणा में अपनी तरह की पहली एम्बुलेंस माना जा रहा है। इस एम्बुलेंस में आईसीयू स्तर की सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें लाइफ सपोर्ट सिस्टम, आवश्यक दवाइयां, सिरिंज पंप और अन्य क्रिटिकल केयर उपकरण शामिल हैं, जिससे गंभीर मरीजों को सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक स्थानांतरित किया जा सकेगा। 
ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष शम्मी बंसल, विशाल गोयल और अनिल कुमार ने सिग्नस अस्पताल की टीम को यह एम्बुलेंस सौंपी, जिसे अस्पताल के प्रमुख डॉ. आबिद, डॉ. सतविंदर और सुशील कुमार ने ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ. आबिद ने बताया कि एम्बुलेंस में वे सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जो दिल्ली जैसे बड़े शहरों में उपलब्ध होती हैं और यह आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। 
ट्रस्ट के अध्यक्ष शम्मी बंसल ने कहा कि संस्था हमेशा जनसेवा के कार्यों में अग्रणी रही है और यह एम्बुलेंस भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि करनाल शहर में जरूरतमंद और गरीब मरीजों के लिए यह सेवा निशुल्क उपलब्ध रहेगी, जबकि शहर के बाहर एम्बुलेंस नियमित शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। 
यह सुविधा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करेगी और कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।