बरवाला में अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा अवैध कॉलोनियों के दाम धड़ाम

हरियाणा/हिसार:- हांसी-बरवाला रोड पर विकसित की गई अवैध कॉलोनी श्याम नगरी पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीला पंजा चलाया। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार हिसार दिनेश कुमार की उपस्थिति में कनिष्ठ अभियंता अमन, पटवारी शमशेर तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं खंड कृषि अधिकारी श्याम बिहारी मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से कॉलोनी में बनाई गई सड़कें, डीपीसी तथा अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया।
जिला नगर योजनाकार हिसार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी मेहनत की कमाई को अवैध कॉलोनाइजरों के झूठे वादों और लालच में आकर निवेश न करें। बिना जांच-पड़ताल के प्लॉट खरीदने से भविष्य में आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट या संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधता की जानकारी जिला नगर योजनाकार कार्यालय से अवश्य प्राप्त करें। सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही निवेश करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को अवगत कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर आम लोगों को नुकसान से बचाया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले कॉलोनाइजरों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।