अमरीकी रिपोर्ट का दावा भारत के पास 190 परमाणु बम मौजूद हैं
नई दिल्ली, 11 सितंबर:- भारत के पास 190 परमाणु हथियार मौजूद हैं। आने वाले कुछ वर्षों में इसके पास 225 और परमाणु हथियार तैयार करने की क्षमता है। यह जानकारी अमेरिका स्थित 'थिंक टैंक' फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स की एक नई रिपोर्ट में सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत समुद्र से परमाणु हमला करने की अपनी क्षमता को भी लगातार मजबूत कर रहा है। भारत परमाणु-संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियों के बेड़े के जरिए समुद्र में एक 'परमाणु ढाल' तैयार कर रहा है।
इन 190 परमाणु हथियारों में से 160 से अधिक मौजूदा मिसाइलों के लिए हैं, जबकि बाकी नई मिसाइलों के लिए रखे गए हैं। एफ.ए.एस. का अनुमान है कि भविष्य में भारत के परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ सकती है। भारत लगातार अपने परमाणु हथियारों के भंडार को आधुनिक बना रहा है; पिछले कुछ वर्षों में कई नए परमाणु-सक्षम हथियार सशस्त्र बलों में शामिल किए गए हैं, जबकि अन्य नई हथियार प्रणालियां इस समय विकास के अधीन हैं।
रिपोर्ट का अनुमान है कि 2026 की शुरुआत तक भारत के पास लगभग 730 किलोग्राम हथियार-स्तरीय प्लूटोनियम होगा, जिससे 225 तक वारहेड तैयार किए जा सकेंगे। हालांकि, रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि यह केवल एक अनुमान है; वास्तविक संख्या वारहेड के डिजाइन और आरक्षित रखी गई सामग्री पर निर्भर करती है।
