चंडीगढ़, 15 अक्तूबर:- हरियाणा सरकार द्वारा योग को बढ़ावा देने और मुख्यमंत्री के ‘योगयुक्त, नशामुक्त हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा योग आयोग लगातार सराहनीय और प्रभावी प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए एक विशेष पहल चलाई जा रही है।
हरियाणा योग आयोग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा पिछले दो वर्षों से सिविल सचिवालय की विभिन्न शाखाओं में जाकर कर्मचारियों को प्रतिदिन 15 से 20 मिनट का योगाभ्यास करवाया जा रहा है।
इन दैनिक योग सत्रों के दौरान कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने, मानसिक स्पष्टता बढ़ाने और शारीरिक ऊर्जा में वृद्धि करने के उद्देश्य से गहरी सांस लेने के अभ्यास, सूक्ष्म योगिक क्रियाएं, प्राणायाम और ध्यान करवाया जाता है। इस पहल से सचिवालय के कर्मचारियों की कार्यक्षमता और दैनिक ऊर्जा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।
हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन, सकारात्मक सोच और नशामुक्त समाज के निर्माण का एक शक्तिशाली माध्यम है। जब कर्मचारी तनावमुक्त और ऊर्जावान रहेंगे, तो जनसेवा और प्रशासनिक कार्य भी अधिक सुचारू रूप से और तेजी से पूरे होंगे।
उन्होंने कहा कि ये नियमित योग सत्र न केवल सचिवालय के कर्मचारियों को दिनचर्या के दौरान मानसिक शांति प्रदान कर रहे हैं, बल्कि राज्य में ‘योगयुक्त और नशामुक्त हरियाणा’ के व्यापक संदेश को भी मजबूत बना रहे हैं।
