हरियाणा/हिसार: हरियाणा के जुलाना क्षेत्र के गांव देश खेड़ा के प्रतिभाशाली युवा एवं योग प्रशिक्षक विकास लाठर ने अंतर्राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे देश खेड़ा गांव, जुलाना क्षेत्र और लाठर परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने विकास को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों ने बताया कि 4 जून से 8 जून तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में विकास लाठर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अपने परिवार और क्षेत्र, बल्कि पूरे देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
विकास लाठर की बहन डॉ. पिंकी देवी ने बताया कि विकास बचपन से ही योग के प्रति समर्पित रहा है और इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुका है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतना उसकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सच्चे समर्पण और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है।
विकास के पिता जगदीश लाठर ने कहा कि उनके बेटे की मेहनत, लगन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि विकास ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किए जाएं तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
विकास के ताऊ प्रताप लाठर ने बताया कि विकास की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि विकास ने युवाओं को खेल और योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
उल्लेखनीय है कि विकास लाठर वर्तमान में स्पोर्ट्स राई यूनिवर्सिटी में योगा कोच के पद पर कार्यरत हैं और योग के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उनकी इस सफलता पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं खेल संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में विकास लाठर ने जीते दो स्वर्ण पदक भारत का नाम किया रोशन
