करनाल, 2 अक्तूबर: विजयादशमी जिसे दशहरा भी कहते हैं, इस त्योहार को आज पूरे देशभर में बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में आज करनाल शहर के सेक्टर-4 नमस्ते चौंक के पास दशहरा ग्राउंड में दशहरा पर्व पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जगमोहन आनंद ने  शिरकत की। 
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों में महापौर रेणु बाला गुप्ता, बृज भूषण गुप्ता सहित, चेयरपर्सन मेघा भंडारी शामिल हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर रावण, मेघनाथ , कुंभकरण  के पुतले का दहन किया। पंडाल जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। 
इससे पहले श्री रामलीला सभा की ओर से पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि को पटका पहनाकर व गद्दा भेट की व अन्य अतिथियों को पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह  देकर सम्मानित किया। शोभा यात्रा में भगवान गणेश, मां दुर्गा,  हनुमान जी, राधा कृष्ण, अशोक वाटिका और बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार रावण की झांकी मनमोहक व आकर्षण का केंद्र रही।
  इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि विजयादशमी असत्य, अहंकार,अत्याचार और बुराई पर सत्य, धर्म और अच्छाई की विजय का प्रतीक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान श्रीराम ने अधर्म,अत्याचार और अन्याय के प्रतीक रावण का वध किया था। उन्होंने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य या बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। भगवान राम ने रावण का अंत करके पूरी दुनिया में अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश दिया था। 
उन्होंने कहा कि आज के समय में हमारे अंदर भी कई बुराई छिपी हुई हैं जिन्हें बाहर निकाल फेंकने की जरूरत है। ताकि अच्छे समाज का निर्माण हो सकें। उन्होंने कहा कि आज के दिन हम सब को यह संकल्प लेना चाहिए कि इस विजयदशमी पर खुद के अंदर की बुराई, कपट या छल को हमेशा के लिए दूर करेंगे।
इस अवसर पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि यह विजयादशमी का दिन वर्षों से ही बुराई के अंत के रूप में मनाया जाता आ रहा है। इसलिए हम सभी को अपने अंदर की सभी प्रकार की बुराइयों को त्याग कर नवनिर्माण की और ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर एसीजीएम श्री सुधीर, पार्षद संकल्प भंडारी,श्री रामलीला सभा रजि. के प्रधान कपिल गर्ग, महा सचिव गौरव गर्ग, कोषाध्यक्ष मनीष दीवान, मैनेजर अनुज जायसवाल, सदस्य अंकित गर्ग, राघव गर्ग उमेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।