होशियारपुर- राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) होशियारपुर के डिवीजन रेंज ऑफिस में तैनात डिप्टी चीफ इंजीनियर हरमिंदर सिंह और लाइनमैन केवल शर्मा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों को पीएसपीसीएल डिवीजन ऑफिस, होशियारपुर के गांव हरदोथला के जगत एवेन्यू निवासी सीनियर कार्यकारी इंजीनियर लखवीर सिंह की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया कि आरोपी डिप्टी चीफ इंजीनियर ने उसे अपने कार्यालय में बुलाकर 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी और यह रकम आरोपी लाइनमैन केवल शर्मा को सौंपने को कहा।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की होशियारपुर इकाई की टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर रेंज में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।