हरोली/ऊना, 13 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बैसाखी का पावन समागम बड़ी श्रद्धा और भक्ति भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से आई लाखों संगतों ने हाजिरी भरी और गुरु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समागम की शुरुआत 11 अप्रैल 2026 को श्री अखंड पाठ साहिब के शुभारंभ के साथ हुई। 12 अप्रैल को रैन सवाई कीर्तन दरबार सजाया गया, जबकि 13 अप्रैल को अखंड पाठ साहिब के भोग के उपरांत कथा-कीर्तन के दीवान आयोजित किए गए।
इस दौरान कुल तीन श्री अखंड पाठ साहिब संपन्न करवाए गए, जिनके भोग 13 अप्रैल को डाले गए। पहला अखंड पाठ समस्त प्रबंधक समिति और संगतों द्वारा बैसाखी की खुशी में करवाया गया। दूसरा अखंड पाठ बाबा केवल सिंह जी द्वारा अपनी सुपुत्री सुखमन सूद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में करवाया गया, जबकि तीसरा अखंड पाठ भाई हरजिंदर पाल (होशियारपुर) द्वारा परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए करवाया गया।
कीर्तन दरबार में बाबा केवल सिंह जी (खुरालगढ़ साहिब), बाबा सुरजीत सिंह जी (हीरां वाले), बाबा मनप्रीत सिंह जी (अमलोह वाले) और भाई जगदेव सिंह जी (गढ़ी वाले) के कीर्तनी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन से संगतों को निहाल किया।
इस मौके पर एस.सी. कमीशन पंजाब के सदस्य सरदार जसवीर सिंह जी गढ़ी, सुरिंदर सिंह भुलेवाल राठां, गुरलाल सैला, जसवीर सिंह औलियापुर तथा बाबा लखवीर सिंह जी (मुखी मिसल शहीदां तरना दल) विशेष रूप से उपस्थित रहे और नतमस्तक हुए।
अंत में बाबा नरेश सिंह जी द्वारा सरबत के भले की अरदास की गई। समागम के दौरान संगतों के लिए लंगर का भी विशेष प्रबंध किया गया।
तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में श्रद्धा के साथ मनाया गया बैसाखी समागम लाखों श्रद्धालुओं ने भरी हाजिरी
