चंडीगढ़, 18 नवंबर (हरमिंदर नागपाल):- युद्ध में अपना एक हाथ गंवाने के बावजूद यूक्रेन के युद्धवीर वोलोदिमिर बायकोवेट्स ने हौसला नहीं खोया। हाल ही में नूंह में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन में उन्होंने अपने खेल से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अप्रैल 2024 में सैन्य अभियान के दौरान तोप के हमले में उनका एक हाथ घायल होकर गंवाना पड़ा था। अब वह बायोनिक कृत्रिम हाथ की मदद से गोल्फ खेल रहे हैं।

12 से 15 नवंबर तक तरुधन वैली गोल्फ रिसॉर्ट में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उनकी मौजूदगी खेल भावना और दिव्यांग खिलाड़ियों की क्षमता का विशेष उदाहरण बनी। कुछ शॉट खेलने के लिए उन्हें दोनों हाथों की जरूरत पड़ती है, जबकि कुछ शॉट वह एक हाथ से ही खेल लेते हैं। आधुनिक तकनीक से बने ‘एस्पर हैंड’ की मदद से उन्होंने गोल्फ के खेल के अनुरूप खुद को ढाला है।

बायकोवेट्स केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि घायल सैनिकों के पुनर्वास के लिए भी काम कर रहे हैं। वह कीव स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में वेटरन्स ऑफिस के प्रमुख हैं और स्ट्रॉन्ग साइड एडैप्टिव स्पोर्ट्स के सह-संस्थापक भी हैं। वह युद्ध में घायल हुए सैनिकों के लिए गोल्फ प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण सत्र आयोजित करते हैं, ताकि खेलों के माध्यम से उनका शारीरिक और मानसिक आत्मविश्वास लौट सके।

यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे बायकोवेट्स की भागीदारी ने टूर्नामेंट के समावेशी खेल अभियान को भी विशेष पहचान दिलाई है। उनका संदेश स्पष्ट है कि शरीर पर लगी चोट इंसान के हौसले और आगे बढ़ने की क्षमता को समाप्त नहीं कर सकती।