नवांशहर (देस राज बाली):- पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन शहीद भगत सिंह नगर की ओर से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘पंजाब सखी शक्ति मेला’ 2 से 4 दिसंबर तक आईटीआई ग्राउंड, चंडीगढ़ रोड, नवांशहर में आयोजित किया जा रहा है। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक लोगों के लिए खुला रहेगा।

मेले के संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) श्रीमती अवनीत कौर ने बताया कि इसमें महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और हुनरमंद महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, हस्तकला की वस्तुएं, कपड़े, सजावटी सामान, खाद्य पदार्थ और अन्य घरेलू उत्पाद प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग करने तथा नए ग्राहकों से सीधे संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा सरकार की स्वरोजगार, कौशल विकास और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगारंग प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थी भी अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। परिवारों और बच्चों के लिए झूले एवं मनोरंजन गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी मेले के विशेष आकर्षण होंगे।

श्रीमती अवनीत कौर ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवारों सहित ‘पंजाब सखी शक्ति मेले’ में पहुंचकर महिलाओं के हुनर और उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों का आनंद लें।