लंदन: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। स्टारमर ने लंदन स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ की सीढ़ियों से राष्ट्र को संबोधित करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने नए नेता के चुनाव की पूरी समय-सारिणी भी साझा की और बताया कि सितंबर तक देश को नया प्रधानमंत्री मिल जाएगा। 63 वर्षीय स्टारमर ने स्पष्ट किया कि जब तक सत्तारूढ़ लेबर पार्टी नया नेता नहीं चुन लेती, तब तक वह कार्यवाहक (केयरटेकर) प्रधानमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
**पार्टी सांसदों के फैसले को किया स्वीकार, भावुक हुए स्टारमर**
अपने संबोधन के दौरान भावुक नजर आए कीर स्टारमर ने कहा, “मेरी पार्टी आज यह सवाल पूछ रही थी कि क्या मैं अगला आम चुनाव नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हूं। मैंने अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुन लिया है और मैं इस निर्णय को पूरी विनम्रता और सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं। मैंने अपने जीवन का हर निर्णय अपने प्रिय देश को प्राथमिकता देते हुए लिया है, इसलिए मैं लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहा हूं।” स्टारमर ने बताया कि उन्होंने आज सुबह ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स से भी फोन पर बात कर उन्हें अपने फैसले से अवगत करा दिया है।
**9 जुलाई से शुरू होगी नए प्रधानमंत्री के चुनाव की प्रक्रिया**
स्टारमर ने लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति को नए नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार 9 जुलाई से नए नेता के लिए नामांकन शुरू होंगे और 17 जुलाई तक, जब संसद का ग्रीष्मकालीन सत्र अवकाश पर जाएगा, यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि पार्टी के भीतर चुनावी मुकाबला भी होता है, तब भी सितंबर में संसद के दोबारा शुरू होने से पहले नया प्रधानमंत्री देश की कमान संभाल लेगा। उन्होंने कहा कि वह नए नेता को पूरा और बिना शर्त समर्थन देंगे, क्योंकि आज का ब्रिटेन दो वर्ष पहले की तुलना में आर्थिक और सामाजिक रूप से कहीं अधिक मजबूत और सुरक्षित है।
