नवांशहर (देस राज बाली):- नवांशहर के नजदीकी गांव बैंस में गांववासियों और एनआरआई भाइयों के सहयोग से दो दिवसीय वार्षिक कुश्ती मेले का आयोजन 17 और 18 अक्टूबर को किया जा रहा है।
कुश्ती मेला आयोजन समिति के सदस्य तरसेम सिंह बैंस ने बताया कि यह मेला भगवान श्री कृष्ण जी के बड़े भाई श्री बलराम दाऊ जी की स्मृति को समर्पित है। इसका आयोजन हर साल देसी महीने अस्सू के नवरात्रों के दौरान पहले शनिवार और रविवार को किया जाता है। इसमें देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रसिद्ध अखाड़ों के नामी पहलवान भाग लेते हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार, 17 अक्टूबर को यह मेला श्री कृष्ण बलदेव जी के प्राचीन मंदिर में आयोजित किया जाएगा। यहां बाहर से आए पहलवानों के अलावा गांव के बच्चों की कुश्तियां भी करवाई जाएंगी।
अगले दिन रविवार, 18 अक्टूबर को यह मेला गांव के बाहर खुले मैदान में आयोजित होगा, जहां नामी पहलवान कुश्तियों के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों ने मेले को सुचारू रूप से संपन्न कराने और इसका सीधा प्रसारण करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं तथा पूरी तैयारियां कर ली हैं, ताकि देश-विदेश में रहने वाले एनआरआई भाई भी मेले का आनंद ले सकें। इस अवसर पर आयोजन समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
