हरोली/ऊना, 6 जून (राजवीर चोपड़ा):- जनगणना 2026 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन एचएलओ के सफल संचालन के लिए नगर पंचायत टाहलीवाल कार्यालय में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरोली विधानसभा क्षेत्र के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान ललित मोहन ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना 2026 के सफल संचालन के लिए विभिन्न स्थानों पर अध्यापकों एवं नियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। हरोली विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल तीन बैच बनाए गए हैं, जिनमें 116 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें से दो बैचों का प्रशिक्षण शनिवार को पूरा हो गया, जबकि तीसरे बैच का प्रशिक्षण 8 से 10 जून तक हरोली में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों को क्षेत्र की सीमाएं बाउंड्री निर्धारित करने की प्रक्रिया समझाई गई। दूसरे दिन जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों की विस्तृत जानकारी दी गई, जबकि अंतिम दिन प्रतिभागियों को एचएलओ ऐप के संचालन, डेटा प्रविष्टि तथा व्यावहारिक अभ्यास करवाया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर प्रितपाल सिंह, सुपरवाइजर यशपाल तथा अरुण पाठक ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। शिविर में 32 प्रतिभागियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस अवसर पर चार्ज सेंसस अधिकारी एवं नगर पंचायत टाहलीवाल के सचिव विजय सिंह, चार्ज सेंसस क्लर्क आकाशदीप धीमान, तकनीकी सहायक विशाल सिंह कंग, सफाई पर्यवेक्षक अमनदीप सिंह, राधा रानी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जनगणना 2026 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जनगणना 2026 के प्रथम चरण हेतु प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को हुआ संपन्न
