हिसार, 16 मार्च : ऋषि नगर स्थित हनुमान मंदिर बुधला संत स्थान का 70वां वार्षिक महोत्सव व हिंदू नववर्ष विक्रमी संवत 2083 मंदिर प्रांगण में 17 से 19 मार्च तक धूमधाम से मनाया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान सुंदरकांड पाठ, हरिनाम संकीर्तन, हवन, ध्वजारोहण और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए मंदिर सभा के महासचिव सुभाष टीनू आहुजा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत पहले दिन सायंकाल 7 बजे सुन्दरकाण्ड  पाठ से की जाएगी।
 उन्होंने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 18 मार्च को सायं 7 बजे से 10:30 बजे तक दिल्ली की भजन गायिका सुश्री निकुंज कामरा द्वारा हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 19 मार्च को प्रात: 8 बजे हवन, 10 बजे ध्वजारोहण तथा प्रात: 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक दिल्ली के भजन गायक बब्बू भैय्या हरिनाम संकीर्तन करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
       मंदिर सभा के प्रधान राजकुमार सेतिया, महासचिव सुभाष (टीनू) आहूजा, कोषाध्यक्ष अशोक ग्रोवर, उपप्रधान डॉ. अमर ठकराल, लीगल एडवाइजर एडवोकेट रवि महता, भंडारा इंचार्ज मनोज नागपाल, कार्यक्रम संयोजक सुरेन्द्र बजाज, जगदीश गांधी, बिटू तनेजा, शुभम वलेचा आदि ने बैठक कर मंदिर सभा की ओर से शहर वासियों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। महासचिव सुभाष टीनू आहूजा ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे परिवार सहित इस पावन आयोजन में शामिल होकर भजन-सत्संग का आनंद लें और धर्म लाभ प्राप्त करें।