होशियारपुर:- श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर बस्सी गुलामहुसैन होशियारपुर में 19 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक होने वाले 1101 कुण्डीय रुद्र महायज्ञ हेतु आज महात्मा, संन्यासियों और संत समाज ने समाज से इस दुर्लभ यज्ञ में भाग लेने व सहयोग करने का आह्वान किया। सभी ने यज्ञ हेतु बांसों से निर्माण की जा रही  भव्य व विशाल  का दौरा किया। 
इस अवसर पर यज्ञ के संयोजक एवं श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर के आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी उदयगिरि जी महाराज, जो जूना अखाड़ा से संबंध रखते हैं, ने कहा कि यज्ञ ही सनातन का आधार है तथा वैदिक काल से ही हमारे ऋषियों ने यज्ञ की महता को समझ कर जनकल्याण के लिए इसे अत्यावश्यक कहा है। 
इस अवसर पर  श्री कालीनाथ कालेश्वर महादेव  तीर्थक्षेत्र हिमाचल प्रदेश के आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी विश्वानंद जी सरस्वती ने बताया कि दर्शनशास्त्र पूर्वी मीमांसा में स्पष्ट रूप से वर्णन है कि देवता हवि (आहुति) अग्नि अर्थात् हवन के द्वारा ही ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व में मंडरा रहे युद्ध के बादलों और प्राकृतिक विपत्तियों से भक्तों की रक्षा एवं वातावरण की शुद्धि इसी तरह के यज्ञों से संभव है। 
उन्होंने कहा कि उनके पितामह गुरु ब्रह्मलीन स्वामी बौद्धानन्द जी महाराज ने 1101 कुण्डीय यज्ञ 1925 में श्री कालीनाथ तीर्थक्षेत्र में आयोजित किया था। होशियारपुर और क्षेत्रवासी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें 101 वर्षों के पश्चात ऐसे यज्ञ में शामिल और यजमान हो कर पुण्य अर्जित करने का दिव्य अवसर प्राप्त हो रहा है।
स्वामी रामशरणानंद जी महाराज ने कहा कि यज्ञ की अग्नि और मंत्रों की ध्वनि ब्रह्माण्ड में व्याप्त होकर सकारात्मकता चहूँ ओर फैलाती है। पट्टी से श्रीमहंत पवनदास जी ने समाज से तन मन धन से यज्ञ में सहयोग करने का आह्वान किया। 
अनुराग सूद ने कहा कि श्री सिद्धेश्वर मंदिर में ब्रह्मलीन स्वामी बसंतगिरि जी महाराज ने 43 वर्ष घोर तपस्या की है और उनसे पूर्व सात आध्यात्मिक विभूतियों ने सैंकड़ों वर्षों तक यहाँ टैप किया है जिनकी समाधियाँ यहाँ विद्यमान हैं। डॉ हर्षविन्दर सिंह पठानिया ने कहा कि यज्ञ में भाग लेने व यजमान बनने के लिए श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में अपना नाम लिखा सकते हैं। यज्ञ में भाग लेने की कोई फीस नहीं है। श्रद्धालु श्रद्धानुसार सहयोग कर सकते हैं। 
इस अवसर पर  प्रिंसिपल आरती सूद मेहता, यशोदानंदन गुप्ता, एडवोकेट लवकेश ओहरी, पंकज सूद, देवेंद्र सिंह सैनी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ठाकुर नरवीर सिंह नंदी, सेठ सतपाल गुप्ता, प्रवीण सैनी, मनीष तलवार, मोहित प्लाहा, ठाकुर नरेंद्र सिंह राजपूत ने भी समाज से यज्ञ में भाग लेने का आह्वान किया।