करनाल, 22 नवंबर:- नौंवे सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही नगर कीर्तन यात्रा आज गुरुद्वारा रोड़ी साहिब निसिंग से शुरू होकर गांव गुरुद्वारा संगतपुरा बाबा बाबू सिंह जी, गुरुद्वारा नानक सर सिंघडा से होते हुए कुचपुरा बुढनपुर, बालू, बहलोलपुर से काछवा बड़ा गुरुद्वारा पहुंची। 
यहां दोपहर के लंगर के बाद यात्रा डबरी, सैदपुरा पालनगर से करनाल शहर में राम नगर, प्रेम नगर, हांसी चौक से खण्डा चौक, रेस्ट हाउस, अम्बेडकर चौंक, गांधी चौक, कल्पना चावला कॉलेज से सिविल अस्पताल चौक, कुंजपुरा रोड, नेहरू पैलेस से होते हुए पुरानी सब्जी मंडी रोड से कलंदरी गेट डेरा कार सेवा करनाल में रात्रि विश्राम किया।
 यात्रा के दौरान नगर कीर्तन यात्रा का हर स्थान पर विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं द्वारा मर्यादा पूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान नागरिकों ने पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका। यात्रा पर पुष्प वर्षा की। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
बता दें कि शनिवार को नगर कीर्तन यात्रा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य गुरनाम सिंह लाडी (डबरी) की अगुवाई में सुबह गुरुद्वारा रोड़ी साहिब निसिंग से आरंभ हुई। यात्रा के दौरान गुरनाम सिंह लाडी ने संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब द्वारा आस्था और अंतःकरण की स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा के लिए उनके जीवन के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराती है।
 श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का बलिदान उनके साहस और धर्म के प्रति दृढ़ निष्ठा का प्रतीक है। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब ने अपना जीवन मानवता की भलाई और धर्म की रक्षा के लिए न्यौछावर किया था। श्री गुरू तेग बहादुर ने प्राणों का बलिदान देकर धर्म की रक्षा का निर्णय लिया ताकि लोग सम्मान के साथ जी सकें और अपनी आस्था की रक्षा कर सकें। आज भी उनका बलिदान, आशीर्वाद और शिक्षा हमें प्रेरणा देते हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रयास से प्रदेशभर में ऐसी 4 यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ 25 नवंबर को इस यात्रा का समापन होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर हर्ष दीप सिंह, हरजीत सिंह, कश्मीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, बलदेव सिंह, बाबा त्रिलोचन सिंह, बाबा गुरमेज सिंह, अजमेर सिंह, परमजीत सिंह, गगनदीप सिंह, सरबजीत सिंह, गुरचरण सिंह, प्रधान मान सिंह, जसविन्द्र सिंह, सुखविंदर सिंह, हरभजन सिंह, बलदेव सिंह, प्रीत सिंह, अंग्रेज सिंह, जरनैल सिंह, प्रिंसिपल जंग बहादुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।