हिसार : बुजुर्गों की सेवा के प्रति समर्पित मोक्ष वृद्धाश्रम में फाग महोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। सभी बुजुर्गों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं व बधाई दी। इस अवसर पर बुजुर्गों ने होली व देवी-देवताओं के भजन गाकर समां बांध दिया। इस दौरान मोक्ष वृद्धाश्रम में विशेष रूप से सात्विक गुजिया व पकौड़े बनाए गए। बुजुर्ग गुजिया व पकौड़ों का आनंद उठाते हुए गीत-संगीत की सुर लहरियों पर थूब थिरके। दरअसल कैमरी रोड स्थित मोक्ष वृद्धाश्रम में रंगों से सराबोर बुजुर्गों का अलग ही नजारा दिखाई दिया।
    मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक मां पंकज संधीर व प्रधान विजय भृगु ने सभी बुजुर्गों को फाग महोत्सव की बधाई दी। उन्होंने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम में सभी उत्सव व त्योहार एकजुट होकर समभाव से मनाए जाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से जहां बुजुर्गों में नव ऊर्जा व नए उत्साह का संचार होता है, वहीं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुडऩे का भी अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि यहां पर देशभर के विभिन्न राज्यों के बुजुर्ग शालीन जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं। यहां उन्हें पारिवारिक माहौल दिया जाता है।
   उन्होंने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए आवास, भोजन व वस्त्र की समुचित व्यवस्था निशुल्क है। इतना ही नहीं सभी बुजुर्गों को उचित चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि कैमरी रोड पर मोक्ष वृद्धाश्रम, मोक्ष मंदबुद्धि महिला आश्रम व आनंदा आश्रम की स्थापना की गई है। अंबाला जिले में भी मोक्ष वृद्धाश्रम की स्थापना की गई है। अब इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए हिसार के चौधरीवास में आचार्य श्री विद्यासमयशरणम् मोक्ष वृद्धाश्रम का निर्माण कार्य निर्बाध गति से चल रहा है।