असंध/करनाल , 19 नवंबर: हिन्द दी चादर, त्याग और बलिदान के प्रतीक नौंवे सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही नगर कीर्तन यात्रा ने आज करनाल जिला में प्रवेश किया। इस यात्रा से फरीदाबाद से शुरू हुई थी। यात्रा घरौंडा से होते हुए खोराखेड़ी और मूनक पहुंची। मूनक गुरुद्वारे में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया और लंगर प्रसाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। लंगर प्रसाद के बाद नगर कीर्तन यात्रा मूनक से गगसीना, बांसा होते हुए जुंडला पहुंची। जुंडला में डेरा कार सेवा गुरुद्वारा में नगर कीर्तन यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ।
इस दौरान नगर कीर्तन यात्रा का प्रत्येक स्थान पर विभिन्न सामाजिक- धार्मिक संस्थाओं द्वारा मर्यादापूर्वक भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान नागरिकों ने पवित्र श्री गुरू ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका। साथ ही यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई और यात्रा के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
गुलाब सिंह पूर्व चेयरमैन एवं जरनल सेक्रेटरी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने यात्रा के दौरान मूनक में संबोधित करते हुए बताया कि यह यात्रा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी द्वारा आस्था और अंत:करण की स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा के लिए नवंबर 1675 में, दिल्ली के चांदनी चौक में दिए गए उनके जीवन के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराती है।
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का बलिदान उनके साहस और धर्म के प्रति दृढ़ निष्ठा का प्रतीक है। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने अपना जीवन मानवता की भलाई और धर्म की रक्षा के लिए न्यौछावर किया था। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी से सम्बन्धित प्रस्तुतियां दी गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के प्रयास से प्रदेशभर में ऐसी 4 यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। कुरूक्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ 25 नवंबर को इस यात्रा का समापन होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर मूनक में मुस्लिम समुदाय द्वारा नगर कीर्तन यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की गई और जलपान का प्रबंधन किया गया जो आपसी भाईचारे की मिसाल बनकर लोगो के समक्ष प्रस्तुत हुआ।
बता दें कि गुरुवार सुबह 20 नवंबर को नगर कीर्तन यात्रा जुंडला स्थित डेरा कार सेवा गुरुद्वारा से चलकर गांव प्योंत, पक्का खेड़ा, शेखपुरा से होते हुए ठरवा माजरा पहुंचेगी। यात्रा ठरवा माजरा से जलमाना, ठरी, कबूलपुर खेड़ा होते हुए डेरा फूला सिंह पहुंचकर रात्रि विश्राम बड़ा गुरुद्वारा असंध में करेगी।
इस अवसर पर सरदारनी सिमरनजीत कौर, सदस्य हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गुलाब सिंह पूर्व चेयरमैन जरनल सेक्रेटरी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, भाई अमृतपाल सिंह गुरुद्वारा मंजी साहिब करनाल, जिला के गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी सहित सभी ग्रामवासी उपस्थित रहे।
