हिसार:– महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य मे भारतीय जनता पार्टी, हांसी के कार्यकर्ताओं द्वारा जिला कार्यालय मे जिलाध्यक्ष अशोक सैनी के नेतृत्व मे उनके चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि भारत माता के दो महान सपूतों महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री दोनों का जन्म एक ही दिन, 2 अक्टूबर को हुआ था, और दोनों ने अपने-अपने समय में देश को नई दिशा दी। 
जहां गांधीजी ने हमें सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह का मार्ग दिखाया। उन्होंने असहयोग आंदोलन, दांडी यात्रा और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे आंदोलनों से अंग्रेजों की नींव हिला दी। उनका मानना था कि "अहिंसा सबसे बड़ी ताकत है"। उन्होंने साधारण जीवन जीकर पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि सच्चाई और नैतिकता से बड़ी कोई शक्ति नहीं। वहीं स्वतंत्र भारत के दूसरे प्रधानमंत्री रहे लाल बहादुर शास्त्री बेहद सरल और ईमानदार नेता थे। 
उन्होंने हमें "जय जवान, जय किसान" का नारा दिया, जिसने देशवासियों में आत्मविश्वास और देशभक्ति की लहर जगा दी। उनके नेतृत्व में 1965 का भारत-पाक युद्ध लड़ा गया और उन्होंने किसानों को मेहनत कर देश को खाद्यान्न की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दोनों का जीवन हमें सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की शिक्षा देता है और आज हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम भी उनके आदर्शों पर चलकर अपने देश को और महान बनाएंगे। 
इस अवसर पर जिला महामंत्री एडवोकेट धर्मवीर रतेरिया, जिला सचिव ओमपाल यादव, जिला कार्यालय प्रभारी मनजीत सिंह जांगड़ा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष गोल्डी सैनी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुखविंद्र जाखड़, रमेश कुमार नायक, मुकेश कटारिया,वजीर मेहरा, तुलसी वर्मा, अशोक सैनी ढांणा, वरूण अरोड़ा, अक्षय शर्मा, विक्रम चौपडा, संजय यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।