करनाल, 23 अक्तूबर: सिख पंथ के पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व डेरा कार सेवा में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरु पर्व प्रबंधक कमेटी द्वारा डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा सुक्खा सिंह के सहयोग से नगर कीर्तन तथा गुरमति समागम का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी गुरु पर्व प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार वरिंदर सिंह तथा महासचिव जत्थेदार इंद्रपाल सिंह ने दी।उन्होंने बताया कि इस आयोजन में केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री को आमंत्रित किया गया है।कार्यक्रम के अनुसार, 3 नवंबर को नगर कीर्तन तथा 5 नवंबर को गुरमति समागम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 3 नवंबर को प्रातः 10 बजकर 30 मिनट पर गुरुद्वारा डेरा कार सेवा तथा गुरुद्वारा मंजी साहिब (पहली पातशाही) से नगर कीर्तन आरंभ होगा। यह नगर कीर्तन क्रमशः कर्ण गेट, कमेटी चौक, दावत होटल रोड, अस्पताल चौक, कुंजपुरा रोड और सब्जी मंडी रोड होते हुए गुरुद्वारा डेरा कार सेवा पहुंचेगा।नगर कीर्तन में दशमेश अखाड़ा और वीर खालसा दल की गतका पार्टियां अपने जोहर दिखाएंगी।
इस अवसर के लिए बाहर से विशेष बैंड भी बुलाया गया है।इसके पश्चात 5 नवंबर को गुरुद्वारा डेरा कार सेवा में प्रातः 9 बजे से गुरमति समागम का आयोजन होगा, जिसमें गुरु का दीवान सजाया जाएगा। रागी-ढाडी जत्थे तथा अन्य कीर्तनकार गुरु की महिमा का गुणगान करेंगे। इस अवसर पर अटूट लंगर का भी प्रबंध रहेगा।
गुरमति समागम में भाग लेने वाले प्रमुख कीर्तनकारों में भाई हरपाल सिंह (हजूरी रागी जत्था, श्री दरबार साहिब, अमृतसर), भाई गुरप्रीत सिंह (पौंटा साहिब), ढाडी जत्था भाई जसबीर सिंह, कीर्तन भाई गुलाब सिंह, गुरुद्वारा मंजी साहिब (पहली पातशाही) के हेड ग्रंथी भाई अमृतपाल सिंह, कीर्तनी भाई गुरमेज सिंह और भाई गुरुसेवक सिंह (हजूरी रागी, गुरुद्वारा मॉडल टाउन) शामिल रहेंगे। ये सभी गुरु की महिमा का गायन करेंगे।
उन्होंने बताया कि गुरु पर्व को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं और सभी संगतों से अनुरोध किया कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। इस आयोजन को लेकर हुई बैठक में गुरपाल सिंह डोनी, हरप्रीत सिंह नरूला, हरमीत सिंह हैप्पी और तेजेंद्र सिंह डिम्पी उपस्थित रहे।
