संतोषगढ़/ऊना, 4 फरवरी:- संतोषगढ़ नगर के ऐतिहासिक श्री गुरु रविदास मंदिर में गुरु रविदास महाराज जी का 649वां प्रकटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का समापन सोमवार रात को हुआ। प्रकटोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, शब्द गायन और सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महाराज की वाणी और शिक्षाओं का स्मरण किया।
कार्यक्रम की अंतिम संध्या पर पंजाब की प्रसिद्ध गायिका जोड़ी गिल सिस्टर्स ने अपनी सुमधुर और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से संगत को भावविभोर कर दिया। उन्होंने “रविदास गुरु आया बनके यार गरीबां दा”, “मेरे सतगुरु मालिक दुनिया दे” और “मैं ती हां बाबा साहब दी” जैसे लोकप्रिय भजनों की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर संगत झूम उठी।
इससे पूर्व तपस्थान खुरालगढ़ साहिब से बाबा केवल सिंह, बलजिंद्र सिंह, दीपक सिंह, मंदिर के मुख्य ग्रंथी नरेश सिंह, बीके मुसाफिर तथा संत बाबा कमलजीत सिंह बाबी ने गुरुवाणी शब्द गायन के माध्यम से गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं और मानवतावादी संदेश को संगत तक पहुँचाया।
गुरु रविदास धार्मिक सभा संतोषगढ़ के प्रधान एडवोकेट कुलविंदर सिंह ने बताया कि जोड़ मेला कमेटी के चेयरमैन बलवंत सिंह विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभा द्वारा उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
चेयरमैन बलवंत सिंह ने कहा कि गुरु रविदास महाराज की मानवतावादी विचारधारा इस आयोजन के माध्यम से जन-जन तक पहुँची है और इस संदेश को वैश्विक स्तर तक पहुँचाने के लिए समाज सदैव कृतसंकल्प रहेगा।

**जोड़ मेला कमेटी के प्रधान बने यश बग्गा
गुरु रविदास जोड़ मेला कमेटी के नए प्रधान के रूप में यश बग्गा के नाम की घोषणा की गई। यह घोषणा चेयरमैन बलवंत सिंह ने स्थानीय गुरु रविदास सभा और जोड़ मेला कमेटी के सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद, प्रकटोत्सव के दौरान की।
उल्लेखनीय है कि यश बग्गा के पिता बलवीर बग्गा लंबे समय तक इस पद पर आसीन रहे हैं तथा 21-22 जनवरी को आयोजित होने वाले जोड़ मेले में लगातार 21 वर्षों से लंगर सेवा प्रदान की जा रही है।
बलवंत सिंह ने बताया कि गढ़शंकर के पूर्व विधायक शिंगारा राम सहूंगड़ा इस जोड़ मेले के संस्थापक रहे हैं और उनकी सोच के अनुरूप इस मेले को युगों-युगों तक आगे बढ़ाया जाएगा। यश बग्गा के पदभार ग्रहण की घोषणा पर पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के जयघोष के साथ समर्थन व्यक्त किया।

**ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर सभा के उपप्रधान कश्मीरी लाल, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, सचिव मनोहर लाल, एडवोकेट मनोज बग्गा, एडवोकेट मक्खन भाटिया, पूर्व प्रधान मदन लाल सहगल, नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष निर्मला देवी, एडवोकेट संदीप पहेश, सत्य प्रकाश, रविकांत बस्सी, तरसेम लाल, बलराम महे, रामपाल, बचन चंद पटेल, नरेश सिंघा, पवन कुमार, सुरजीत सिंह, आशु, महेश सहगल, नानक चंद, सुरिंदर नाथ बस्सी, बिट्टू, बोध राम, तरुण सिंघा, सुलिंदर, रितेश सिंघा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।