हांसी, 5 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने अपने कार्यालय में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग आयोजित कर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पैदल गश्त के साथ-साथ राइडर और पीसीआर की गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दिया।

क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हांसी क्षेत्र की प्रमुख सड़कों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ आपराधिक घटनाओं की जांच में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों की पहचान कर कैमरे लगवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बिना नंबर प्लेट वाहनों और सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों पर कार्रवाई

एसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सड़कों के किनारे लंबे समय तक खड़े रहने वाले वाहनों, विशेषकर ट्रक एवं अन्य बड़े वाहनों, पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाए, क्योंकि सड़क किनारे इस प्रकार वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित होटल, पीजी तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की चेकिंग करने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

एसपी विनोद कुमार ने नशे की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय एवं हार्डकोर अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा उनकी गतिविधियों की लगातार जानकारी जुटाई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण, नशे के खिलाफ कार्रवाई, प्रभावी गश्त और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त एवं निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करें तथा अपराध की रोकथाम के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

क्राइम मीटिंग में डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी रविन्द्र सांगवान, डीएसपी दिनेश कुमार, डीएसपी नारनौंद देवेंद्र नैन, सभी थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, सभी यूनिट इंचार्ज तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।