लालड़ू, 19 नवंबर:- डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा 11.87 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई जड़ौत से रामपुर सैनियां तक 23.20 किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया।

इस सड़क के बनने से जड़ौत, मीरपुर, जौला कलां, जियोली, पुनसर, खेड़ी जट्टां, समगोली, फतेहपुर, बेहड़ा और रामपुर सैनियां सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस सड़क की खास बात यह है कि निर्माण के बाद पांच साल तक इसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की गई है, जिससे सड़क की उचित देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी।

इस अवसर पर विधायक रंधावा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध करवाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं और इनके बेहतर होने से लोगों को रोजाना आने-जाने, व्यापार तथा अन्य कार्यों में सुविधा मिलती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों और शहरों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके में लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर गांवों के पंच, सरपंच, ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य नेता उपस्थित रहे।