संगरूर, 23 अक्टूबर:- एसडीएम संगरूर श्री सतीश चंद्र ने घाबदां, बालियां और भिंडरां की अनाज मंडियों का दौरा कर धान की खरीद संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडियों में फसल की आवक और खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर श्री सतीश चंद्र ने कहा कि धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए खरीद एजेंसियों, मंडी बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के बीच तालमेल जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाए।
एसडीएम ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा धान ही लेकर आएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित नमी मानकों के अनुसार फसल लाने से खरीद प्रक्रिया जल्दी पूरी करने में मदद मिलती है और किसानों को मंडियों में अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ता।
उन्होंने कहा कि अधिक नमी वाला धान मंडी में लाने से उसे सुखाने के लिए अतिरिक्त समय लगता है, जिससे खरीद में देरी हो सकती है। इसलिए किसानों को फसल की कटाई, संभाल और मंडी तक लाते समय नमी का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा खरीद कर्मचारियों के साथ सहयोग करना चाहिए।
श्री सतीश चंद्र ने मंडियों में साफ-सफाई, पीने के पानी, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि खरीदे गए धान की समय पर उठान सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक फसल लेकर मंडियों में आने वाले किसानों को जगह की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन से निभाएं।
