हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।

गांव चानौत निवासी प्रताप ने बीपीएल कार्ड बनवाने, ढाणी पीरवाली निवासी राजकुमार ने अपने मकान के अंदर आए बिजली के पोल को हटवाने, खरकड़ा निवासी सहदेव ने गंदे पानी के नाले की मरम्मत करवाने, सोरखी निवासी अनिल ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज गलत मीटर नंबर को हटवाने तथा मसूदपुर निवासी अमन ने खेत में बिजली आपूर्ति न होने संबंधी शिकायतें प्रस्तुत कीं।

एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर ‘प्रशासन से परिचय’ अभियान के तहत गांव सिसाय स्थित एनडीजीजीएसएसएस विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी समाधान शिविर में भाग लिया। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, आमजन की समस्याओं की सुनवाई तथा शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया से अवगत करवाया गया।

समाधान शिविर में तहसीलदार अनिल बिढान, एमिनेंट पर्सन ओमपाल यादव, राममेहर स्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।