चंडीगढ़, 15 अक्तूबर:- हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष पहल शुरू की है।

एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, 10 साल पुराने डीजल वाहनों और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को तुरंत स्क्रैप करवाने का समय आ गया है। पुराने वाहन न केवल अधिक वायु प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि इन्हें चलाने पर अधिक खर्च आता है और सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी ये असुरक्षित होते हैं।

सरकार ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे स्वच्छ एनसीआर और हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देते हुए अपने 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को निकटतम पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्रों (आरवीएसएफ) में ले जाकर स्क्रैप करवाएं और नए, स्वच्छ वाहन अपनाएं। आरवीएसएफ केंद्रों पर वाहनों की सुरक्षित स्क्रैपिंग की व्यवस्था है। इससे प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा वाहनों की उपयोगी सामग्री का पुनर्चक्रण भी संभव हो सकेगा।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि यदि लोग अपने पुराने वाहनों को जल्द से जल्द आरवीएसएफ केंद्रों पर ले जाकर स्क्रैप नहीं करवाते हैं, तो नियमों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। स्वच्छ एनसीआर और हरित भविष्य के सपने को साकार करने के लिए सरकार ने नागरिकों से अपने पुराने वाहनों को जिम्मेदारी से स्क्रैप करवाने और इस अभियान में सहयोग देने की अपील की है।