चंडीगढ़, 11 अक्टूबर: पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले संत नामदेव समाज ने चंडीगढ़ में अपनी ताकत और एकता प्रदर्शित करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। 18 अक्टूबर को सेक्टर-21 स्थित संत नामदेव भवन में होने वाला समाज का वार्षिक धार्मिक सम्मेलन सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ समाज की सामूहिक आवाज बुलंद करने का मंच बनेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर समाज के प्रतिनिधि पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में एक प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा को सम्मेलन का निमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल और समाज के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा के पुत्र श्री संजीव गंगवा को भी आमंत्रित किया, जो भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और डबवाली के प्रभारी हैं।
टांक खत्री सभा (रजि.), चंडीगढ़, संत नामदेव समाज, हरियाणा और ऑल इंडिया खत्री टांक प्रतिनिधि सभा के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह वार्षिक धार्मिक सम्मेलन एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। सम्मेलन में रागी जत्थों और कथावाचकों द्वारा संत नामदेव जी की शिक्षाओं का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर लंगर भी लगाया जाएगा।
संत नामदेव समाज के अध्यक्ष श्री सतबीर वर्मा ने बताया कि समाज के प्रतिनिधि पंजाब के बठिंडा, संगरूर, पटियाला, होशियारपुर और जालंधर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दे चुके हैं। इन दौरों के दौरान समाज के लोगों में सम्मेलन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अब एक मंच पर एकत्र होकर अपने मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहते हैं। चंडीगढ़ में होने वाला यह सम्मेलन समाज की एकता प्रदर्शित करने और अपनी आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग सम्मेलन में पहुंचेंगे और सामाजिक हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत: अध्यक्ष सतबीर वर्मा
संत नामदेव समाज के हरियाणा अध्यक्ष और पूर्व चेयरमैन श्री सतबीर वर्मा ने कहा कि समाज की एकता केवल किसी सम्मेलन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सामाजिक हितों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भी सभी को मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि संत नामदेव जी की शिक्षाएं आपसी भाईचारे, सेवा और समानता का संदेश देती हैं। चंडीगढ़ में होने वाला सम्मेलन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने, आपसी संवाद बढ़ाने और सामूहिक रूप से अपनी आवाज बुलंद करने का अवसर है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
सामाजिक चुनौतियां गंभीर चिंता का विषय: संजीव गंगवा
श्री रणबीर गंगवा के पुत्र, भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और डबवाली के प्रभारी श्री संजीव गंगवा ने कहा कि पंजाब में नशे की बढ़ती समस्या और उससे जुड़ी सामाजिक चुनौतियां गंभीर चिंता का विषय हैं। इनसे निपटने के लिए युवाओं को जागरूक करने, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसमें सामाजिक संगठनों और परिवारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याण के लिए सरकार तथा समाज के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।
