रतिया, 30 अक्टूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को रतिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों, युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके आदर्शों, विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रातः 6:30 बजे प्रतिभागी तहसील कार्यालय, रतिया में एकत्रित होंगे। प्रातः 6:45 बजे मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा तथा प्रातः 7 बजे ‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत होगी। दौड़ का आयोजन तहसील कार्यालय से कम्युनिटी हॉल, बुढ़लाडा रोड तक किया जाएगा। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने रतिया क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सहयोग, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
