हांसी:- ज्ञानानंद मिशन के मंदिर प्रांगण में भगवान आशुतोष महादेव का भव्य शिव रुद्राभिषेक श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में हवन यज्ञ कर सर्वमंगल करने हेतु देवताओं का आह्वान किया गया। 
वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक कर समस्त समाज, परिवार एवं राष्ट्र के सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की गई।
इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी मुकेश जैन पेट्रोल पम्प वाले हिसार निवासी राकेश बंसल, कुलदीप अग्रवाल, निशा अग्रवाल ने परिवार सहित निष्टापूर्वक अनुष्ठान में भाग लिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धाभाव से भगवान भोलेनाथ का पूजन एवं रुद्राभिषेक किया।
रुद्राभिषेक के दौरान 51 किलो गऊ के दूध से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। तत्पश्चात पुष्पों के द्वारा भगवान शिव का अलौकिक श्रृंगार किया गया जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा मिशन परिसर ‘हर हर महादेव’ एवं ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
स्वामी लोकेश्वरानंद पूरी जी महाराज ने बताया कि श्रद्धा एवं विधि-विधान से किया गया रुद्राभिषेक भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। महादेव की कृपा से जीवन के कष्ट दूर होते हैं, मन को शांति मिलती है और परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है।
ज्ञानानंद मिशन हांसी में आयोजित यह पावन रुद्राभिषेक धर्म, सेवा, श्रद्धा और सनातन संस्कारों का अनुपम संगम बना।