चंडीगढ़, 18 नवंबर:- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यक्रम में संशोधन किया है। आयोग ने राज्य में नोटिस, दावों और आपत्तियों के निपटारे तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की संशोधित तिथियां निर्धारित की हैं।
उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नोटिस, दावों और आपत्तियों के निपटारे की अवधि 31 जुलाई 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। वहीं, अंतिम मतदाता सूची अब 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे (ASDD) मतदाताओं से संबंधित गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत गणना प्रपत्रों को तैयार करने और छपाई का कार्य 18 नवंबर तक, प्रपत्रों के वितरण और संग्रह का कार्य 18 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक तथा प्रपत्रों के निपटारे की प्रक्रिया 10 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में कुल 9,36,228 अनुपस्थित, 13,74,759 स्थानांतरित, 7,66,003 मृत और 2,04,832 दोहरे (ASDD) मतदाताओं की पहचान की गई है। ASDD श्रेणी में पहचाने गए पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को जमा करवाएं, ताकि 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।
श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
