हुशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- गांव ठक्करवाल स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा साहिब में जगत गुरु, प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का 558वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 24 नवंबर को महान गुरमत समागम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा समस्त गांववासियों, ग्राम पंचायत, प्रवासी भारतीयों और क्षेत्र की संगत के सहयोग से करवाया जा रहा है।

गुरुद्वारा साहिब के प्रधान जत्थेदार रघबीर सिंह ठक्करवाल, मास्टर सरबजीत सिंह मंझ और कैप्टन ज्ञान सिंह ठक्करवाल ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में संगत के सहयोग से प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि 23 नवंबर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों के नेतृत्व में विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। नगर कीर्तन के दौरान भाई सरबजीत सिंह पारस, हेड ग्रंथी ठक्करवाल और भाई जसप्रीत सिंह नागरा इंटरनेशनल ढाडी जत्था गुरबाणी, गुर-इतिहास, कथा, कीर्तन और ढाडी वारों के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को समागम के दौरान श्री अखंड पाठ साहिब जी का भोग डाला जाएगा। इसके बाद दीवान हॉल में भाई सरबजीत सिंह पारस, हेड ग्रंथी ठक्करवाल के अलावा अन्य पंथ-प्रसिद्ध रागी जत्थे गुरबाणी, गुर-इतिहास, कथा और कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

समागम के दौरान चाय-पकौड़े और गुरु जी का लंगर अटूट बरताया जाएगा।