संतोषगढ़/ऊना, 4 मार्च (राजवीर चोपड़ा): प्रख्यात समाजसेवी डॉ. सी.एल. मोमी अपने परिवार सहित तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे। डॉ. मोमी समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने के लिए जाने जाते हैं।
इस दौरान उनकी गुरु घर के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह जी के साथ मुलाकात हुई, जिसमें श्री गुरु रविदास महाराज जी की वाणी और इतिहास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बातचीत के दौरान श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. मोमी ने विश्वास दिलाया कि तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब द्वारा सौंपी गई हर सेवा को वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के इतिहास, उनकी वाणी और साहित्य को घर-घर तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है और वह इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वह तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब की प्रबंधक कमेटी के साथ मिलकर विश्व भर में श्री गुरु रविदास महाराज जी के संदेश का प्रचार-प्रसार करेंगे।
इस अवसर पर बाबा नरेश सिंह जी और बाबा सुखदेव सिंह जी ने डॉ. मोमी को गुरु घर की बख्शिश स्वरूप सिरोपाओ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
