हरोली/ऊना, 15 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- टाहलीवाल-बाथड़ी के समीप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चरण छोह गंगा खुरालगढ़ साहिब में 11 अप्रैल से चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत समापन हो गया। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक समागम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस आयोजन के दौरान महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती, अमृत धारा प्रकट दिवस तथा मंगलवार देर शाम डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन भारत की चेयरमैन बीबी कमलेश कौर घेड़ा ने की, जबकि अनेक संत-महापुरुषों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
चरण छोह गंगा खुरालगढ़ साहिब के प्रधान संत सुरिंद्र दास ने बताया कि सतगुरु रविदास महाराज जी द्वारा “बेगमपुरा” का जो संकल्प लिया गया था, उसे साकार करने के लिए समाज को शिक्षित और जागरूक बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खुरालगढ़ साहिब में समय-समय पर विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है, जिनमें देश-विदेश से श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं।
इसी क्रम में पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनका संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश के निर्माण और सभी वर्गों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर गुरु घर के चेयरमैन नाजर सिंह मान, कोषाध्यक्ष कर्म चंद, सह-कोषाध्यक्ष मनजीत मुग्गोबाल, जगदीश दीस्सा, गुरलाल सेला, निदेशक रशपाल राजू, पूर्व पंजाब विधानसभा स्पीकर केपी राणा, सुरजीत, सुखचेन सिंह काला, रमेश कानूगो, पिंका, विक्की सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
