टाहलीवाल/ऊना, 28 सितंबर (राजवीर चोपड़ा):- स्वच्छता पखवाड़ा के तहत नगर पंचायत टाहलीवाल की ओर से सफाई कर्मचारियों के सम्मान एवं सहयोग के लिए राशन किटों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों को उनकी मेहनत और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सराहा गया।
नगर पंचायत की अध्यक्ष निरंजना कुमारी ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। वह प्रतिदिन मेहनत कर टाहलीवाल को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके इसी समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान राशन किटें वितरित की गईं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को अपने आसपास सफाई रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करने के लिए आगे आना चाहिए। नगर पंचायत टाहलीवाल ने इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर टाहलीवाल के निर्माण में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष राज कुमार मल्ली, नगर पंचायत की और से राधा मैडम, सचिन कुमार सुपरवाइजर अमन दीप सिंह, पार्षद अनु देवी, पार्षद अजय सहगल, अरुण कुमार, मीना देवी, संजु कुमार, सुमित शर्मा, हरीश कुमार सहित सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहें।
