रतिया, 29 अगस्त:- हरियाणा में गतका खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 4वीं हरियाणा राज्य जूनियर एवं सीनियर गतका चैम्पियनशिप 2026 (पुरुष एवं महिला) का आयोजन 5 एवं 6 सितंबर 2026 को गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी, रतिया, जिला फतेहाबाद में किया जाएगा। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
 गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के चेयरमैन स्वर्ण सिंह रतिया ने बताया कि राज्य चैम्पियनशिप की तैयारियों को लेकर हरियाणा के विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय गतका प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से राज्य स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। जिला प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है और बड़ी संख्या में युवा गतका खिलाड़ी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए 31 अगस्त और 4 सितंबर को हरियाणा के सभी कोच एवं रेफरी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा ऑनलाइन जूम मीटिंग के माध्यम से भी लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। बैठकों में प्रतियोगिता की खेल व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन, मैदान, रेफरी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जा रहा है।

**5 सितंबर को उद्घाटन, 6 सितंबर को समापन
चैम्पियनशिप का उद्घाटन समारोह 5 सितंबर 2026 को प्रातः 9:00 बजे होगा, जिसके बाद विभिन्न मुकाबले शुरू किए जाएंगे। 6 सितंबर को मुकाबले जारी रहने के साथ समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी, कोच एवं रेफरी भाग लेंगे।

**छह आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए U-11, U-14, U-17, U-19, U-25 एवं U-30 आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। खिलाड़ियों को Weapon Demonstration, Fari Soti Fight तथा Single Soti Fight के व्यक्तिगत एवं टीम इवेंट में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। सभी जिला टीमों के लिए अपनी खेल किट तथा 3×2 फीट आकार का जिला ध्वज साथ लाना आवश्यक किया गया है।

**खिलाड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध
गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरजीत सिंह एवं हेड कोच सुमित कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय गतका चैम्पियनशिप को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, खेल मैदान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी पहुंचेंगे। इसके साथ ही अनेक गणमान्य व्यक्ति, खेल प्रेमी एवं समाजसेवी भी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस चैम्पियनशिप का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में गतका खेल को और अधिक बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना तथा खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।