होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, होशियारपुर की तिमाही बैठक आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी रजिंदर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान 1 जुलाई से 30 सितंबर तक अथॉरिटी द्वारा प्रदान की गई निःशुल्क कानूनी सहायता, कानूनी परामर्श, कानूनी जागरूकता सेमिनार, मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र में मामलों के निपटारे तथा लोक अदालतों के कामकाज की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि उक्त तिमाही के दौरान होशियारपुर में पैनल अधिवक्ताओं, डिफेंस काउंसल और प्रो बोनो अधिवक्ताओं के माध्यम से कुल 167 व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की गई। इनमें पैनल अधिवक्ताओं के माध्यम से 70 तथा डिफेंस काउंसल/प्रो बोनो अधिवक्ताओं के माध्यम से 97 व्यक्तियों को कानूनी सहायता दी गई। इसके अतिरिक्त, 97 व्यक्तियों को कानूनी सलाह प्रदान की गई तथा आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए 182 सेमिनार आयोजित किए गए।
बैठक में यह भी बताया गया कि तिमाही के दौरान मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र में 33 मामलों का निपटारा किया गया। पीड़ित मुआवजा योजना के अंतर्गत 6 मामलों का निपटारा करते हुए कुल 20,50,000 रुपये के मुआवजा अवॉर्ड पारित किए गए। इसके अलावा, कैंप कोर्ट के माध्यम से 10 मामलों का निपटारा किया गया अथवा संबंधित व्यक्तियों को रिहा किया गया।
18 जुलाई 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के दौरान कुल 400 मामले रखे गए, जिनमें से 76 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 2,08,45,830 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ।
आगामी लोक अदालतों के संबंध में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि 21 नवंबर 2026 को चेक बाउंस से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसके बाद 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाएगी। आम लोगों से अपील की गई कि वे लोक अदालतों के माध्यम से अपने विवादों का आपसी सहमति से शीघ्र और कम खर्च में निपटारा करवाने का लाभ उठाएं।
बैठक में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरमोहन सिंह, सीजेएम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी नीरज गोयल, सीजेएम अजयपाल सिंह, सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर, सुपरिंटेंडेंट जेल हरचरण सिंह गिल, डिप्टी अटॉर्नी जनरल पवनप्रीत सिंह, जिला बार एसोसिएशन के सचिव पी.एस. कंग, दर्शन कौशल तथा सहायक लोक संपर्क अधिकारी लोकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
