करनाल, 30 दिसंबर:- शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में पुत्रदा एकादशी बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई।एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से सजाया और महकाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। एकादशी के उपलक्ष्य में विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
कीर्तन में भजन गायकों ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। संध्या आरती के समय पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को पुत्रदा एकादशी का महत्व भी बताया गया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर पंडित दीपक पांडे ने बताया कि पौष माह के शुक्ल पक्ष को पुत्रदा एकादशी मनाई जाती है। एकादशी व्रत के दौरान भगवान विष्णु की पूजा होती है। खास बात यह है कि कई व्रती इस दिन उपवास में रहते हैं या कई फलाहार भी करते हैं। श्रद्धा पूर्वक यह व्रत मनाया जाता है। यह व्रत निसंतान दंपत्ति के लिए काफी महत्वपूर्ण है। कहा जाता है कि इस व्रत को श्रद्धा पूर्वक करने से संतान की प्राप्ति होती है। व्रत रखने वाले लोगों को भगवान विष्णु जी का जाप करना चाहिए।
इस मौके पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए करनाल सहित दूर-दराज़ से श्रद्धालु आते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं। वहीं उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम को देखते हुए मंदिर में चाय बिस्केट की सेवा प्रात: प्रतिदिन शुरू की गई है। मंदिर कमेटी की ओर से अपने कर्मचारियों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए है।
इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, अनुपम त्रिपाठी, पंडित उमेश पांडे, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला व हरीश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री खाटू श्याम मंदिर में उत्साह के साथ मनाई पुत्रदा एकादशी गूंजे जय श्री श्याम के जयकारे
