नवांशहर/बंगा- शिक्षा क्रांति के तहत विभिन्न स्कूलों में विकास कार्य करवाने वाली पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। यह शब्द आज पंजाब कंटेनर एवं वेयरहाउस कार्पोरेशन के चेयरमैन एवं बंगा विधायक डा. सुखविन्दर कुमार सुखी ने पंजाब शिक्षा क्रांति के अंतर्गत बंगा हलके के गांवों सुकर, चाहल कलां, रहपा और लिदर कला के सरकारी स्कूलों में विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब शिक्षा क्रांति अभियान के तहत विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा क्षेत्र में ही करोड़ों रुपए के फंड जारी करके पंजाब सरकार ने यह साबित कर दिया है कि सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए कितनी गंभीर है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के कारण ही आज सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर उनके साथ पंजाब शिक्षा क्रांति के बंगा हलका संयोजक सोहन लाल ढांडा, अमरजीत खटकड़, अर्जन देव मास्टर, ब्लॉक नोडल अधिकारी अमर कटारिया, तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, स्टाफ, ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।