नवांशहर (देस राज बाली):- डिप्टी कमिश्नर श्री गुलप्रीत सिंह औलख, आईएएस की अध्यक्षता में आज जिला प्रशासनिक परिसर में जिला सैनिक बोर्ड की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) अमनप्रीत कौर, उप निदेशक, जिला सैनिक बोर्ड ने बोर्ड द्वारा अब तक वितरित की गई अनुदान राशि और किए गए अन्य कल्याणकारी कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।

उन्होंने बताया कि आर्म्ड फोर्सेज फ्लैग डे फंड में अधिक से अधिक योगदान एकत्रित करने के लिए जिला सैनिक बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है। इसके अलावा बैठक में सैनिक सदन नवांशहर की नई इमारत के निर्माण की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी साझा की गई।

बैठक के दौरान जिला सैनिक बोर्ड ने जरूरतमंद पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को राहत प्रदान करते हुए एक गैर-पेंशनभोगी पूर्व सैनिक को 20,000 रुपये की वित्तीय सहायता का चेक दिया। इसी तरह चार पूर्व सैनिकों और विधवाओं के मामलों में प्रति केस 5,000 रुपये के हिसाब से वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए।

डिप्टी कमिश्नर ने जोर दिया कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।