चंडीगढ़, 3 नवम्बर 2025: पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ की गुरपुरब कमेटी ने आज श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर कॉलेज के सेंटेनरी हॉल में वार्षिक गुरमत समागम का आयोजन किया गया।
समागम का शुभारंभ 1 नवम्बर 2025 को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ हुआ तथा इसका समापन 3 नवम्बर 2025 को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ हुआ, जिस के साथ ही सतत गुरुबाणी पाठ पूरा दिन चलता रहा। रात को कीर्तन दीवान सजाये गए। इसके पश्चात् शबद कीर्तन देर रात तक चलता रहा, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति से भर गया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध रागी जत्थों ने अपनी मधुर वाणी से संगत को निहाल किया। इनमें भाई नवदीप सिंह जी (हज़ूरी रागी, गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर 46), भाई करनैल सिंह जी (हज़ूरी रागी, श्री दरबार साहिब, अमृतसर), भाई ओंकार सिंह जी (हज़ूरी रागी, श्री दरबार साहिब, अमृतसर), और भाई राय सिंह जी (हज़ूरी रागी, श्री दरबार साहिब, अमृतसर) शामिल रहे।
यह समारोह श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं — सत्य, समानता, विनम्रता और करुणा — का संदेश लेकर आया, जिसने पेक परिवार को निःस्वार्थ सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।